माले: मालदीव के राष्ट्रपति ने चुनाव जीतने के बाद भारत विरोधी तेवर दिखाने शुरू कर दिए है। गौरमतलब है कि राष्ट्रपति मुइज्जू ने भारत विरोधी लहर के चलते आम चुनावों में भारी बहुमत प्राप्त कर लिया है। अपनी जीत से उत्साहित होकर राष्ट्रपति मुइज्जू ने भारत विरोधी तेवर और चीन का समर्थन करना शुरू कर दिया है।
भारत से दुश्मनी कर चीन की गोद में खेल रहे मालदीव में चीनी रिसर्च जहाज जियांग यांग होंग 03 वापस लौट आया है। यह वही जहाज है जो पहले भी चीन से मालदीव पहुंचा था और इसको लेकर भारत ने चिंता भी व्यक्त की थी। इस पोत पर जासूसी जहाज होने का आरोप लगता रहा और इसी वजह से भारत, अमेरिका जैसे देशों के लिए यह जहाज टेंशन की तरह है।
मालदीव के मीडिया हाउस अधाधू की रिपोर्ट के अनुसार, चीनी जासूस जहाज को मालदीव के थिलाफुशी औद्योगिक द्वीप के बंदरगाह पर खड़ा किया गया है। मुइज्जू सरकार ने जहाज की वापसी की वजह का खुलासा नहीं किया है, लेकिन यात्रा से पहले जहाज को डॉक करने की अनुमति की पुष्टि की।
मालदीव के विशेष आर्थिक क्षेत्र की सीमा के पास लगभग एक महीना बिताने के बाद जहाज पहली बार 22 फरवरी को पहुंचा था। लगभग छह दिन बाद रवाना होने के बाद जहाज वापस ईईजेड सीमा में चला गया था। चीनी जासूसी जहाज अब ईईजेड को पार करने के बाद वापस मालदीव आ गया है।