अमर शहीद बाबा जसवंत सिंह, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली और नरेंद्र सिंह नेगी को मिले उनका अधिकार : उविपा

ऋषिकेश। उत्तराखण्ड विकास पार्टी ने अमर शहीद वीर जसवंत सिंह को परमवीर चक्र देने की मांग की। साथ ही साथ वीर चंद्र सिंह गढ़वाली को भारत रत्न और नरेंद्र सिंह नेगी को पद्म विभूषण देने की भी मांग की।

उत्तराखण्ड विकास पार्टी के महासचिव संजय बुडाकोटी ने कहा कि अमर शहीद वीर जसवंत सिंह अमर होने के बाद भी सीमाओं की सुरक्षा कर रहे हैं। इतिहास साक्षी है कि उनकी अदम्य वीरता से चीन की सेना भी प्रभावित हो गई थी। संजय बुडाकोटी ने कहा कि इस देश में राजनीति की वजह से गढ़वाली लोगों को वह सम्मान नहीं मिल पा रहा है, जिसके वे हकदार हैं।

उन्होंने कहा कि अमर शहीद वीर जसवंत सिंह को परमवीर चक्र मिलना चाहिए। साथ ही साथ उन्होंने कहा कि वीर चंद सिंह गढ़वाली का इस देश की आजादी में जो योगदान है उसके क्रम में वे आज भी भारत रत्न के हकदार हैं।

संजय बुडाकोटी ने कहा कि उत्तराखण्ड के लोक गायक एवं राज्य आंदोलनकारी नरेंद्र सिंह नेगी को पद्म विभूषण मिलना चाहिए। उन्होने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार को यह समझ में आना चाहिए की 2007 में कांग्रेस की सरकार को हराकर सत्ता में आने का श्रेय भी नरेंद्र सिंह नेगी को ही जाता है। अगर वह नौच्छमी नारायण गीत का निर्माण नहीं करते तो उस समय के कांग्रेस के भ्रष्टाचार का खुलासा करना भाजपा के लिए इतना आसान नहीं था।

उन्होंने कहा कि लोग गायक नरेन्द्र  सिंह नेगी को पद्म विभूषण की जरूरत नहीं है, मगर गढ़वाली संस्कृति और समाज को इस बात की जरूरत है कि उनके लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी को पद्म विभूषण मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *