देहरादून। दून ऑटो रिक्शा यूनियन ने आज प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पारंपरिक ऑटो रिक्शा चालकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। यूनियन ने इलेक्ट्रिक, बैटरी और सोलर रिक्शा के साथ-साथ फिटनेस सेंटरों की मनमानी पर गंभीर आरोप लगाते हुए सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की ।
दून ऑटो रिक्शा यूनियन ने कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो यूनियन ने 20 जनवरी को देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार के चालकों को एकत्रित कर मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया जायेगा।
यूनियन अध्यक्ष पंकज अरोड़ा और महामंत्री शशिकांत भट्ट ने संयुक्त रूप से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि ई-रिक्शा चालकों द्वारा मुख्य मार्गों पर संचालन से पारंपरिक ऑटो चालकों का रोजगार छिन रहा है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि रोजगार बचाने के बावजूद ई-रिक्शा को खुली छूट दी जा रही है, जबकि कई ई-रिक्शा बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे हैं।