कोटद्वार। लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत भाजपा ने अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए इंडस्ट्रियल हैवी वेट वाशिंग मशीन लगा दी है, जिसमें सभी प्रकार के भ्रष्टाचारियों, दागियों और बागियों को धो पोछ कर मिस्टर क्लीन का खिताब दिया जा रहा है।
भाजपा को पानी पी पी कर कोसने वाले भाजपा विरोधी दलों के राजनीतिक मोहरे अब भाजपा में शामिल होकर अपने दाग दूर करने के लिए भाजपा की वाशिंग मशीन में धुलकर दाग धब्बे गायब करने में लगे हुए हैं।
कोटद्वार में भाजपा से टिकट के लिए कांग्रेस में गए शैलेंद्र सिंह रावत की वाशिंग मशीन में धुलाई के बाद, शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह के खासमखास पूर्व ब्लाक प्रमुख ने अपने कोटद्वार नगर निगम के कुछ पार्षदों के साथ भाजपा की वाशिंग मशीन में अपने पुराने दागों के चीथड़े उड़ा दिए।
कोटद्वार से कांग्रेसी नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी जी की नीतियों से प्रभावित होकर प्रदेश भाजपा प्रदेश कार्यालय देहरादून में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट व प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी के मार्गदर्शन में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर अपने को सर्फ एक्सल की सफेदी से बेदाग कर लिया।
सदस्यता ग्रहण करने वाले लोगों में पूर्व ब्लाक प्रमुख दुगड्डा सुरेश असवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शिवदयाल नेगी, पार्षद अनिल रावत, पार्षद पदमेंद्र रावत, पार्षद अनिल नेगी (डब्बू), पार्षद कुलदीप कंबोज, मोनू जैन, अरविंद बंसल, रॉबिन बंसल, सुभाष विश्वकर्मा सहित अन्य लोग शामिल हैं।