दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के बंगले में लगी आग बुझाते समय फायरब्रिगेड को मिला भारी मात्रा में कैश

नई दिल्ली। दिल्ली हाई कोर्ट के एक जज के आवासीय बंगले से भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई है। जस्टिस यशवंत वर्मा के बंगले में आग लग गई थी। उस वक्त वे शहर में मौजूद नहीं थे। घर वालों ने फायर बिग्रेड और पुलिस को सूचना दी, आग बुझाने के लिए जैसे ही बचावकर्मी उनके एक कमरे के अंदर घुसे, उन्हें भारी मात्रा में कैश मिला। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने उन्हें दूसरे हाईकोर्ट में ट्रांसफर कर दिया है। 

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने अधिकारियों को सूचित किया। जल्द ही ये खबर आग की तरह आला अधिकारियों तक पहुंच गई। उन्होंने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना को सूचित किया। मुख्य न्यायमूर्ति संजीव खन्ना ने इस मामले को बहुत गंभीरता से लिया और तुरंत कॉलेजियम बैठक बुलाई।  कॉलेजियम ने इस बात पर सहमति जताई कि जस्टिस वर्मा का तुरंत ट्रांसफर किया जाना चाहिए। इसके बाद उन्हें इलाहाबाद हाईकोर्ट ट्रांसफर कर दिया गया।  यहीं से जस्टिस यशवंत वर्मा 2021 में दिल्ली हाईकोर्ट गए थे।

हालांकि, पांच जजों वाले कॉलेजियम के कुछ सदस्यों का मानना ​​है कि इस तरह की गंभीर घटना के लिए ट्रांसफर काफी नहीं है। इससे न्यायपालिका की छवि धूमिल होगी और संस्था के प्रति लोगों का विश्वास भी कम होगा। उन्होंने कहा कि जस्टिस वर्मा को इस्तीफा देने के लिए कहा जाना चाहिए।  अगर वे मना करते हैं तो  मुख्य न्यायमूर्ति द्वारा आंतरिक विभागीय जांच शुरू की जानी चाहिए। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *