चंडीगढ़। पंजाब और हरियाणा के 26 किसान संगठनों ने 13 फरवरी को दिल्ली जाने की घोषणा कर दी है। रविवार शाम तक पंजाब से बड़ी संख्या में किसान हरियाणा सीमा पर जमा हो गए हैं। वहीं भारतीय किसान यूनियन उगराहां गुट के नेता जोगिंदर सिंह उगराहां ने 16 फरवरी को भारत बंद का ऐलान किया है।
किसानों के भारी जमावड़े के बाद हरियाणा पुलिस व प्रशासन ने शंभू सीमा के पास अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे स्थित झरमडी बॉर्डर भी बंद कर दिया है। हरियाणा के 15 जिलों में धारा 144 लगा दी गई है। हरियाणा सरकार ने किसानों को रोकने के लिए बी.एस.एफ. की तैनाती भी की है
हरियाणा में सात जिलों में इंटरनेट सेवायें भी बंद
हरियाणा के 07 जिलों में इंटरनेट मोबाइल सेवा भी बंद कर दी गई है। अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा और डबवाली में मोबाइल इंटरनेट बंद कर दिया गया है।
हरियाणा के 15 जिलों समेत चंडीगढ़ व दिल्ली बॉर्डर पर लगाई धारा 144
हरियाणा के 15 जिलों में धारा 144 लगा दी गई है हरियाणा सरकार ने किसानों को रोकने के लिए बीएसएफ की भी तैनाती की है। चंडीगढ़ में भी धारा 144 लगा दी गई है। किसानों के दिल्ली कूच के ऐलान को देखते हुए दिल्ली की सभी सीमाओं पर कड़ी सुरक्षा करने के साथ-साथ धारा 144 लगा दी गई है। पुलिसकर्मियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई है। सिंधु और टिकरी सीमा सील कर दी गई है। कटीले तारों के अलावा बैरिकेड सीमेंट के बड़े-बड़े ब्लॉक, कंटेनर वह दूसरे अवरोधक लगाए गए हैं। सिंधु बॉर्डर पर पुलिस ने अस्थाई कार्यालय व कंट्रोल रूम बनाने के अलावा 01 किलोमीटर के दायरे में सीसीटीवी लगाए हैं। अर्ध सैनिक बलों की 16 कंपनियां तैनात की गई हैं। रविवार को किसानों को रोकने के लिए किए जा रहे इंतजामों के कारण बॉर्डर पर लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।
मुख्यमंत्री पंजाब व मंत्रियों के साथ किसान नेताओं की आज होगी चंडीगढ़ में बैठक
आज होने वाली बैठक पर सब की नज़रें टिक गई हैं। आज चंडीगढ़ के सेक्टर 26 के महात्मा गांधी स्टेट इंस्टीट्यूट आफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में सोमवार शाम 5:00 बजे होने वाली केंद्रीय मंत्रियों और किसान नेताओं की बैठक पर टिकी हुई है।
केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल और नित्यानंद राय व पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और अलग-अलग किसान संगठनों के 10 प्रतिनिधि शामिल होंगे। 08 फरवरी की बैठक में कुछ बिंदुओं पर सहमति नहीं बन पाई थी।
खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक किसानों ने दिल्ली मार्च के लिए विशेष तरह के ट्रैक्टर तैयार किए हैं, इन पर हाइड्रोलिक लगे हैं, जो बैरीकैड और बोल्डर हटाने में सक्षम हैं।