लैंसडौन विधानसभा के विकासखंड रिखणीखाल में बहुउद्देशीय शिविर का हुआ आयोजन, विधायक दिलीप रावत रहे मौजूद

लैंसडौन। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत विकासखंड रिखणीखाल की न्याय पंचायत कुमाल्डी में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्थानीय विधायक दिलीप रावत महंत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

विधायक दिलीप रावत ने इस लोकहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर आमजन को सीधे सरकारी योजनाओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। अपर सचिव, सहकारिता एवं ऊर्जा मेहरबान सिंह बिष्ट ने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का शीघ्र, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नोडल अधिकारी/सहायक श्रमायुक्त कोटद्वार शैलेश सती ने बताया कि शिविर में घेरबाड़, सड़क, स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल, वन, गूल मरम्मत आदि से संबंधित कुल 62 समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण कर दिया गया तथा शेष को संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। शिविर के माध्यम से 205 ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया तथा 15 ग्रामीणों के प्रमाण पत्र बनाने हेतु आवेदन कराए गए।

शिविर में कृषि, समाज कल्याण, उद्यान, वन, स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, खाद्य एवं पूर्ति, बाल विकास सहित कुल 23 विभागों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख रिखणीखाल रेनू रावत, उप जिलाधिकारी शालिनी मौर्य, खंड विकास अधिकारी देवेश पंत, उप प्रभागीय अधिकारी रजत कपिल, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सुनील कोटनाला सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *