नैनीताल। नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के सख्त तेवरों से भू माफियाओं में खलबली मच गई है । जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने भूमि के अवैध उपयोग पर सख्ती दिखाते हुए दोनों भूमियों को शासन में निहित करते हुए कब्जे में लेने के आदेश जारी किये हैं।
इनमें से एक भूमि यूपी के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह ऊर्फ राजा भैया को पत्नी के नाम है।
नैनीताल जिला प्रशासन ने कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह की बेतालघाट ब्लॉक के सिल्टोना गांव में 0.555 हेक्टेयर भूमि को सरकार ने जब्त कर लिया है।
अधिकारियों के अनुसार, यह भूमि कृषि प्रयोजन के लिए ली गई थी, लेकिन पिछले दो वर्षों से उस पर कृषि नहीं हो रही थी।
ऐसे में जिलाधिकारी नैनीताल ने उक्त भूमि शासन में निहित करते हुए कब्जा लेने का आदेश दिया था।
उत्तराखण्ड विकास पार्टी ने फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि बाहरी राज्यों के बाहुबलियों द्वारा यहाँ जमीनें खरीद कर उत्तराखण्ड के मूल निवासियों को उनके मूलभूत भूमि के अधिकार से वंचित किया जा रहा है, क्योंकि बाहरी राज्यों के निवासियों द्वारा बड़े पैमाने पर भूमि खरीद करके भूमि के दाम अनावश्यक रूप से बढ़ा दिये गए हैं, जिससे उक्त भूमियाँ स्थानीय लोगों की पहुँच से दूर हो गई हैं।
उत्तराखण्ड विकास पार्टी के सचिव एडवोकेट जगदीश चन्द्र जोशी ने कहा कि जबकि स्थानीय लोगों की पर केपिटा इनकम भी उस हिसाब से नहीं है, जिस हिसाब से भूमि के दामों में बढ़ोतरी हुई है, ऐसे में स्थानीय निवासियों के हाथ से भूमि खरीद फिसलती जा रही है जिससे पलायन को बढ़ावा मिल रहा है।