कोटद्वार। उत्तराखण्ड विकास पार्टी ने गन्ने का समर्थन मूल्य न बढ़ाये जाने पर भारतीय जनता पार्टी की कड़ी आलोचना की है। उत्तराखण्ड विकास पार्टी के सचिव एडवोकेट जगदीश चन्द्र जोशी ने कहा कि भाजपा सरकार की किसान विरोधी मानसिकता को कांग्रेस की चुप्पी सहारा दे रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर मंहगाई दिन ब दिन बढ़ रही है तो दूसरी ओर भाजपा सरकार किसानों के आर्थिक हितों की रक्षा करने की बजाय उनकी मेहनत का मूल्य तक उन्हें नहीं दे पा रही है।
एडवोकेट जगदीश चन्द्र जोशी ने कहा कि विधायकों का पेंशन पट्टा बढ़ाने वाली सरकार के द्वारा गन्ने का समर्थन मूल्य न बढ़ाया जाना बताता है कि भाजपा सरकार किसान विरोधी सरकार है पूर्व में भी किसानों के खिलाफ मोदी सरकार तीन काले कानून लेकर आई थी।
उन्होंने कहा कि किसानों और आम जनता के हितों को कुचलने की शक्ति भाजपा को कांग्रेस से मिलती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ज्यादातर नेता आज भाजपा में महत्वपूर्ण पदों पर हैं इसलिए भाजपा सनातन परम्परा से भटक कर कांग्रेस शासनकाल की तरह ही जनता के खिलाफ ही नियम कानून ला रही है।
उन्होंने कहा कि गन्ने का समर्थन मूल्य न बढ़ाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है, जब डीजल, दवाइयों, खाद, शराब और चीनी का मूल्य बढ़ रहा है, तो गन्ने का मुख्य कैसे स्थिर रह सकता है। उन्होंने कहा कि एक लाख करोड़ के भारी भरकम बजट में भी किसान के हाथ कुछ नहीं लगा है। भाजपा आम जनता को मुंगेरी लाल के हसीन सपने दिखा रही है और कांग्रेस महत्वपूर्ण मुद्दों पर विमर्श और विरोध करने की बजाय प्रेमचंद्र के खिलाफ एक विधायक को हवा दे चुपचाप बैठ गई है।