पोखरी। नौली -धोतीधार सड़क निर्माण की मांग को लेकर लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस परिसर में आंदोलन कर रहे चंद्रशिला के ग्रामीणों ने शुक्रवार को ढोल धमाऊ के साथ विनायक धार तिराहे पर एक घंटे तक सांकेतिक जाम लगा दिया।
जाम के दौरान वाहनों की आवा जाही बंद रही। ग्रामीणों ने कहा कि 12 दिनों से वह धरने पर बैठे हैं, लेकिन शासन प्रशासन उनकी कोई सुद नहीं ले रहा है। यदि शासन का यही रवैया रहा तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। गौर मतलब है कि चंद्रशिला पट्टी के 40 से अधिक गांव के लोग 10 फरवरी से पोखरी में धरना दे रहे हैं। इसके बावजूद शासन प्रशासन की ओर से उनकी मांग पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने ढोल दमो के साथ विनायकधार तिराहे पर 01 घंटे तक सांकेतिक चक्का जाम किया।
इस दौरान ब्लाक प्रमुख प्रीति भंडारी, प्रधान संगठन के अध्यक्ष धीरेंद्र राणा, रौता के प्रधान वीरेंद्र सिंह राणा, पाटीजखमाला के प्रधान प्रेम सिंह नेगी, गुणम के प्रधान सज्जन सिंह नेगी, मसौली के प्रधान देवेंद्र लाल, पुष्पा देवी, मौली के बीडीसी सदस्य राधा रानी रावत और संतोष नेगी आदि मौजूद रहे।