कोटद्वार। कोटद्वार में 31 जनवरी व 1 फरवरी को आयोजित दो दिवसीय बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल का सफल समापन हुआ। समापन समारोह की मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्षा एवं स्थानीय विधायक ऋतु खण्डूरी भूषण रहीं। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने विधानसभा अध्यक्षा का स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज लालपानी की छात्राओं ने गढ़वाली स्वागत गीत प्रस्तुत किया। वरिष्ठ फोटो पत्रकार व बर्डर राजू पुशोला द्वारा तैयार कैलेंडर का विमोचन किया गया तथा वरिष्ठ बर्डर अजय खंतवाल और राजीव बिष्ट को सम्मानित किया गया। सभी बर्ड वॉचर्स को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
विधानसभा अध्यक्षा ने कहा कि बर्ड वॉचिंग और वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी प्रकृति से जुड़ने का अच्छा माध्यम है तथा बच्चों में कम उम्र से पर्यावरण के प्रति जागरूकता जरूरी है। जिलाधिकारी ने फेस्टिवल को सफल बताते हुए इसे स्थायी बर्ड वॉचिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की बात कही।
समापन अवसर पर मैराथन, क्विज, चित्रकला व निबंध प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
मैराथन में ओपन बालिका वर्ग में काजल, नव्या नेगी व सोनाक्षी नेगी तथा ओपन बालक वर्ग में प्रभु, अनुज व मोहित विजेता रहे।
क्विज, चित्रकला व निबंध प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किए।
प्रभागीय वनाधिकारी लैंसडौन जीवन मोहन दगाड़े ने सभी सहयोगियों व प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बर्ड वॉचर्स, विद्यार्थी व स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।