श्रीनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में मंगलवार को श्रीनगर तहसील में तहसील दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने की। तहसील दिवस में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित विभागों को मौके पर ही अथवा शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सेमला गांव की पेयजल समस्या पर जल निगम को स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए, वहीं नकोट गांव में जल भंडारण टैंक की क्षमता बढ़ाने हेतु प्रस्ताव तैयार करने को कहा। देहलचौरी रोड पर क्षतिग्रस्त पुश्तों व स्कपर की मरम्मत लोक निर्माण विभाग द्वारा कराई जाएगी।
श्रीनगर क्षेत्र में खुले में कूड़ा फेंकने की शिकायत पर नगर निगम को सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने व चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सीवर लाइन से सड़क पर बह रहे पानी, सड़कों पर निर्माण सामग्री व मलबा रखने की शिकायतों पर सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
धारी देवी पहुंच मार्ग पर सुरक्षा कार्यों को लेकर संयुक्त निरीक्षण जारी है तथा आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य शीघ्र शुरू किए जा रहे हैं। क्षेत्र में जाम की समस्या के समाधान हेतु पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जा रहा है। धारी देवी क्षेत्र में स्थायी पार्किंग मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल है तथा सौंदर्यीकरण कार्य भी प्रक्रियाधीन हैं।
सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, रेलवे से क्षतिग्रस्त भवनों में जल बिल, तथा नालियों के अंडरग्राउंड निर्माण से जुड़ी शिकायतों पर संबंधित विभागों को निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि तहसील दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है और निस्तारण की जानकारी समयबद्ध रूप से आवेदकों को दी जाएगी। अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने बताया कि अधिकांश शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया है, शेष पर कार्रवाई प्रगति पर है।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।