बेहतर रोजगार उपलब्ध कराने एवं पलायन से निपटने के लिये कोटद्वार में लगेगा रोजगार मेला

पौड़ी। जनपद के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने एवं पलायन की चुनौती से निपटने के उद्देश्य से नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में कोटद्वार में वृहद रोजगार मेले का आयोजन प्रस्तावित है। इसकी तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों एवं औद्योगिक प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों एवं नियोजकों से समन्वय कर रिक्तियों का विवरण जुटाने, पदवार शैक्षिक योग्यता, अनुभव एवं आवश्यक कौशल की जानकारी तैयार करने तथा अभ्यर्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आईटीआई, पॉलीटेक्निक, तकनीकी संस्थानों, डिग्री कॉलेजों एवं इंटरमीडिएट स्तर के विद्यार्थियों तक मेले की जानकारी पहुंचाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों, सेवायोजन कार्यालयों एवं विकासखंड स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। युवाओं के पंजीकरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल, दूरभाष एवं अन्य माध्यमों का उपयोग करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले का आयोजन डॉ. पीतांबर दत्त बड़थ्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में प्रस्तावित है। अंतिम तिथि शीघ्र निर्धारित की जाएगी। उन्होंने क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी को संबंधित उपजिलाधिकारी के साथ स्थल का निरीक्षण कर पंजीकरण, प्रवेश, साक्षात्कार एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मेले में औद्योगिक इकाइयों के माध्यम से रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही करियर काउंसलिंग, साक्षात्कार की तैयारी, स्वयं सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों, स्वरोजगार एवं वित्तीय सहायता योजनाओं तथा पूर्व सैनिकों के कल्याण संबंधी जानकारी के लिए अलग-अलग हेल्प डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे। औद्योगिक संघ के प्रतिनिधियों ने मेले में सक्रिय भागीदारी का आश्वासन दिया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना, क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर करन सिंह रावत (सेनि.), महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र सोमनाथ गर्ग सहित औद्योगिक संघ एवं सिडकुल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *