जिलाधिकारी गढ़वाल स्वाति भदौरिया ने बोर्ड परीक्षाओं के निमित्त नकलविहीन पारदर्शी परीक्षा सम्पन्न कराये जाने को लेकर शिक्षाधिकारियों की बैठक ली

पौड़ी। आगामी हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने राजकीय इंटर कॉलेज, पौड़ी में शिक्षाधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने, शिक्षा व पुलिस विभाग के समन्वय से सख्त निगरानी, सीसीटीवी की कार्यशीलता, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित अभिरक्षा, उड़नदस्तों की सक्रियता तथा कार्मिकों की समय पर तैनाती व उत्तरपुस्तिकाओं के सुरक्षित संकलन-प्रेषण के निर्देश दिए।

प्रधानाचार्यों को परीक्षार्थियों के लिए पूर्व ओरिएंटेशन सत्र आयोजित कर परीक्षा प्रक्रिया, समय प्रबंधन, आचार संहिता व तनाव प्रबंधन की जानकारी देने तथा सकारात्मक वातावरण सुनिश्चित करने को कहा गया। मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेय सयाना को सभी 125 परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, फर्नीचर, स्वच्छ शौचालय, प्रकाश व प्राथमिक उपचार सहित दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

23 फरवरी से 18 मार्च 2026 तक आयोजित परीक्षाओं हेतु जनपद में कुल 125 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 124 केंद्रों पर कक्षा 10वीं व 12वीं दोनों की परीक्षाएं होंगी, जबकि राजकीय इंटर कॉलेज, देवीखाल में केवल कक्षा 10वीं की परीक्षा आयोजित होगी। जनपद के कुल 12,605 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित होंगे, जिनमें 6,185 हाईस्कूल तथा 6,420 इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी शामिल हैं।

बैठक में प्रधानाचार्य जी.आई.सी. मोहन चंद्र घिल्डियाल, जिला खेल समन्वयक योगंबर नेगी, उप-निरीक्षक पुलिस विभाग मेहराजुद्दीन सहित सभी खंड शिक्षाधिकारी व केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *