जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया पर्यटन विकास समिति की बैठक में पर्यटन विभाग की परिसंपत्तियों के प्रभावी संचालन पर चर्चा की

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में एनआईसी कक्ष में जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें पर्यटन विभाग की परिसंपत्तियों को किराये पर देने व उनके प्रभावी संचालन पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने सतपुली स्थित एंगलर हट को शीघ्र फर्निश करने, सभी परिसंपत्तियों के रखरखाव हेतु अंशदान सुनिश्चित करने तथा अतिक्रमण पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। खिर्सू के बासा होम स्टे में किराया जमा न होने पर सुरक्षा राशि वसूली व मरम्मत के बाद पुनः टेंडर कराने को कहा। डांडा नागराजा रैन बसेरे के लिए ओपन टेंडर प्रक्रिया शुरू करने तथा श्रीनगर रैन बसेरे को नगर निगम श्रीनगर को हस्तांतरित करने का निर्णय लिया गया।

पौड़ी स्थित जीएमवीएन पार्किंग का जिला विकास प्राधिकरण के साथ संयुक्त निरीक्षण कर हैंडओवर प्रक्रिया पूरी करने, श्रीनगर की दुकानों व कॉम्प्लेक्स के टेंडर पर सहमति तथा धारी देवी मंदिर के प्रकाशीकरण कार्य को फरवरी अंत तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव, उपनिरीक्षक प्रवीण रावत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *