धारचूला। धारचूला भारत-नेपाल को जोड़ने वाले धारचूला के अंतरराष्ट्रीय झूलापुल पर धारचूला के व्यापारियों और एसएसबी जवानों के बीच मारपीट हो गई। घटना में एक व्यापारी और एसएसबी के दो जवानों को चोटें आई हैं। दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घटना से नाराज धारचूला व्यापार संघ ने बाजार और झूलापुल को बंद कराने की चेतावनी दी है। मारपीट का कारण सामान की जांच को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।
घटना के बाद व्यापारी ने थाने पहुंचे और एसएसबी जवानों के खिलाफ तहरीर दी। एसएसबी के उप निरीक्षक ने भी व्यापारियों पर ब्लेड, लोहे की रॉड से हमला करने और महिला जवानों के साथ अभद्रता करने की शिकायत की है। पुलिस ने दोनों की रिपोर्ट दर्ज कर दी है।
घटना के विरोध में मंगलवार को व्यापार मंडल ने एसएसबी पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए अध्यक्ष भूपेंद्र थापा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। बाद में हुई बैठक में महेंद्र सिंह बुदियाल ने कहा कि झूलापुल पर एसएसबी के जवान चेकिंग के नाम पर उत्पीड़न कर रहे हैं। इससे व्यापारी वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा कि 24 घंटे में आरोपी जवानों को गिरफ्तारी नहीं हुई तो अंतरराष्ट्रीय झूला पुल और धारचूला बाजार बंद किया जाएगा।