मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में शनिवार रात को केंद्रीय राज्यमंत्री और भाजपा प्रत्याशी डॉ. संजीव बालियान की गाड़ियों पर कुछ युवकों ने पथराव कर दिया। पथराव के कारण गाड़ियों में बैठे 10 से ज्यादा कार्यकर्ता चोटिल हो गए हैं।
उधर, घटना की जानकारी लगते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। इसके बाद अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की। पुलिस ने पथराव करने वाले आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मुजफ्फरनगर जनपद में खतौली क्षेत्र के गांव मढ़करीमपुर गांव में चुनावी सभा के दौरान कुछ युवकों ने केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान की गाड़ियों पर पथराव किया। पथराव में 10 से अधिक कार्यकर्ता चोटिल हो गए हैं।
शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे गांव में चुनाव की सभा चल रही थी। सभास्थल के पास ही भाजपा प्रत्याशी डॉ. संजीव बालियान की गाड़ियां खड़ी थीं। इस दौरान कुछ युवक पहुंचे और खड़ी गाड़ियों पर पथराव शुरू कर दिया। इससे गांव में भगदड़ मच गई।