थैलीसैंण। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत विकासखंड थलीसैंण में 12वीं कक्षा की छात्राओं के लिए शैक्षिक भ्रमण एवं परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था, विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और आगामी बोर्ड परीक्षा को लेकर मार्गदर्शन किया गया।
उप जिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी ने छात्राओं से बोर्ड परीक्षा को लेकर संवाद किया और उनके प्रश्नों का सरल व प्रेरक उत्तर दिया। इस अवसर पर “लंच विद एसडीएम” पहल की शुरुआत भी की गई, जिसमें सभी छात्राओं ने एसडीएम के साथ भोजन किया और शुभकामनाएं प्राप्त कीं।
बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा रावत व सुपरवाइजर बबीता चौहान ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही समाज कल्याण विभाग से शालिनी बलोधी, पंचायती राज से संतोष सिंह रावत, ग्राम्य विकास से रोहित पवार, एनआरएलएम से पंकज जयाड़ा, मनरेगा से योगेश सिंह रावत, स्थापना से नवीन तोमर तथा लेखा से राकेश कुमार ने विभागीय योजनाओं पर जानकारी दी।
खंड विकास अधिकारी टीकाराम कोटियाल ने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद छात्राओं को तहसील भ्रमण कराया गया, जहां तहसीलदार व राजस्व उप निरीक्षक ने राजस्व कार्यों तथा एसडीएम के प्रशासनिक व न्यायिक दायित्वों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में जीआईसी थलीसैंण से शैलजा, कोमल, सुषमा, नेहा, जीआईसी गंगाऊ से आस्था, अल्का तथा पीएम श्री बगवाड़ी से गीता व श्वेता शामिल रहीं।