गोपेश्वर। गोपेश्वर में भ्रष्टाचार का एक और मामला सामने आया है, विकासखण्ड दशोली के अंतर्गत नंदप्रयाग मासौ उफलखेत देवखाल सड़क पर डेढ़ किलोमीटर कटिंग के बाद से काम बंद पड़ा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग ने जहां सर्वे के बाद पेड़ों का कटान किया था वहां सड़क बनाने की बजाय गदेरे में सड़क की कटिंग कर दी है।
डेढ किलोमीटर कटिंग के बाद मई 2022 से सड़क कटिंग का कार्य बंद है।
बताया जा रहा है कि पूर्व में सड़क का सर्वे ही सही नहीं हुआ था। जहां पेड़ काटे गए हैं वहां सड़क का बनना संभव नहीं है। ऐसे में पुनः सर्वे होना जरूरी है।
उत्तराखण्ड विकास पार्टी ने इसे भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा बताया। पार्टी सचिव एडवोकेट जगदीश चंद्र जोशी ने कहा कि सर्वे अगर गलत हुआ है तो इसका हर्जा खर्चा गलत सर्वे करने वालों और उस गलत सर्वे को स्वीकृत करने वालों से वसूला जाना चाहिए।