नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के मुताबिक, पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर मुखानी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चार युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर और दबाव बनाकर मुखानी क्षेत्र के एक होटल में ले गए, जहां उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
मामले में बोलते हुये उत्तराखंड विकास पार्टी के सचिव आशीष बिष्ट ने भाजपा पर आरोप लगाया कि भाजपा अपने आनुषांगिक संगठनों में पहाड़ के युवाओं को जोड़कर उन्हें गलत कार्यों की ओर प्रेरित कर रही है, जिसकी परिणति पहाड़ के युवाओं के अपराध में सम्मिलित होने में बदल रही है। उन्होंने कहा कि पहले भी जितेंद्र सिंह की हत्या में हिमांशु चमोली की गिरफ्तारी के मामले में हमने भाजपा को चेताया था, उसके बाद सिद्धांत बडोनी का नाम 14 लाख की लूट में सामने आया था और सिद्धांत बडोनी की गिरफ्तारी हुई और अब हल्द्वानी में नाबालिक के बलात्कार में धीरज बिष्ट की गिरफ्तारी हुई है। आशीष बिष्ट ने इन घटनाओं को दुर्भाग्यपूर्ण और सोची समझी साजिश बताते हुए कहा कि पिंकी हत्याकांड में भी संघ का पदाधिकारी गिरफ्तार हुआ था, और तमाम ऐसी घटनाओं को देखते हुये स्पष्ट है कि भाजपा के अनुषांगिक संगठन पहाड़ के युवाओं को अपराध की दुनिया में धकेलने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी धीरज बिष्ट के साथ नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु बोनी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि धीरज बिष्ट ने हाल ही में हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में हुए छात्रसंघ चुनाव में ABVP की ओर से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था।
एसएसपी ने बताया कि होटल परिसर का निरीक्षण किया गया है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने आए हैं। किशोरी की मेडिकल जांच और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं भी पूरी की जा रही हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
