देहरादून। अल्मोड़ा जिले के बिनसर रिजर्व फॉरेस्ट में आग बुझाने गए वन्यकर्मियों में चार की मौत और चार के गंभीर रूप से घायल होने के बाद भाजपा सरकार बैकफुट में आ गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज इस मामले में चीफ कंजरवेटर ऑफ फॉरेस्ट कुमाऊं रेंज को मुख्यालय अटैच कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कंजरवेटर नॉर्थ और डीएफओ अल्मोड़ा को निलंबित कर दिया है।
बिनसर रिजर्व फॉरेस्ट में आग लगने की सूचना मिलने पर मौके पर वन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को लेकर गई जीप आग की लपटों में घिरने की वजह से जलने लगी। जीप में बैठे वन्य अधिकारी और कर्मचारी जान बचाने के लिए जीप से उतरे मगर वे भी आग की लपटों की चपेट में आ गए। इनमें से चार की मौत हो गई व अन्य चार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मृतकों के परिवारों को तुरंत दस दस लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की।
उत्तराखण्ड विकास पार्टी के सचिव एडवोकेट जगदीश चंद्र जोशी ने कहा कि आधुनिक काल में जंगलों में आग लगने की घटनायें बढ़ रही हैं, जिसके कई कारण हैं, उनमें से अधिकारियों और कर्मचारियों की कमी, जंगलों में आग से बचाव की निर्धारित एसओपी का पालन न किया जाना, स्थानीय ग्रामीणों को वनों की देखभाल से दूर करना और अधिकारियों का मुख्यालयों से बाहर न निकलना और भ्रष्टाचार प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि पूरे सीन से वन मंत्री गायब हैं, मुख्यमंत्री को खुद ही कार्यवाही करने पर विवश होना पड़ रहा है।