आपदा से क्षतिग्रस्त परिसम्पत्तियों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण में खर्च हुये साढ़े छह करोड़: जिलाधिकारी गढ़वाल

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्यों को गति देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिला प्रशासन ने कुल 6 करोड़ 51 लाख 8 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने राज्य आपदा मोचन निधि एवं आपदा न्यूनीकरण निधि के तहत विभिन्न विभागों के कुल 336 कार्यों को मंजूरी दी है।

स्वीकृत धनराशि में राज्य आपदा मोचन निधि के तहत 307 कार्यों के लिए 4 करोड़ 71 लाख 63 हजार रुपये तथा आपदा न्यूनीकरण निधि के तहत 29 कार्यों के लिए 1 करोड़ 79 लाख 45 हजार रुपये शामिल हैं। इनसे आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सार्वजनिक परिसंपत्तियों की मरम्मत, पुनर्निर्माण एवं सुरक्षा संबंधी कार्य किए जाएंगे।

विभागवार स्वीकृति के तहत सिंचाई खंड दुगड्डा के 106 कार्यों के लिए 1 करोड़ 72 लाख रुपये, सिंचाई खंड श्रीनगर के 18 कार्यों के लिए 28.80 लाख रुपये, जल संस्थान कोटद्वार के 45 कार्यों के लिए 64.80 लाख रुपये तथा जल संस्थान पौड़ी के एक कार्य के लिए 1.60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पेयजल निगम कोटद्वार के 13 कार्यों के लिए 21.49 लाख, श्रीनगर के 6 कार्यों के लिए 9.79 लाख और पौड़ी के 3 कार्यों के लिए 4.50 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड पौड़ी के 3 कार्यों के लिए 13.10 लाख, श्रीनगर के 4 कार्यों के लिए 14.80 लाख, लैंसडौन के 4 कार्यों के लिए 37 लाख तथा दुगड्डा के एक कार्य के लिए 12 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। वहीं प्रांतीय खंड पौड़ी के 10 कार्यों के लिए 46.60 लाख, लैंसडौन के एक कार्य के लिए 9 लाख तथा पीएमजीएसवाई बैजरो और श्रीनगर के एक-एक कार्य के लिए क्रमशः 14 लाख और 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा द्वारीखाल, यमकेश्वर, एकेश्वर, पोखड़ा, पौड़ी एवं बीरोंखाल विकासखंडों के कुल 119 कार्यों के लिए 1 करोड़ 91 लाख 60 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि इन कार्यों से आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, सिंचाई, सड़क एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं बेहतर होंगी तथा क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियां पुनः उपयोग योग्य बन सकेंगी। साथ ही भविष्य में आपदा के प्रभावों को कम करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि आपदा से प्रभावित परिवारों की व्यक्तिगत क्षति का आकलन कर नियमानुसार तत्काल मुआवजा भी वितरित किया जाता रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *