पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 21 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया तथा शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता न होकर शिकायतकर्ता की संतुष्टि के साथ होना चाहिए तथा स्थलीय निरीक्षण से पूर्व शिकायतकर्ता को सूचना देना अनिवार्य है।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन, ई-ऑफिस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनसमस्याओं का गंभीरता एवं प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। आपदा संबंधी शिकायतों पर विशेष संवेदनशीलता बरतने और दो दिवस के भीतर क्षति आकलन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
जनता मिलन में चंदोलाराईं के ग्रामीणों ने अनियमित पेयजल आपूर्ति की समस्या उठाई, जिस पर जल संस्थान को तत्काल निरीक्षण कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। रतकोटी निवासी दलवीर सिंह ने मानव-वन्यजीव संघर्ष में घायल हुई अपनी पत्नी के लिए मुआवजा बढ़ाने की मांग रखी, जिस पर वन विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मांडाखाल एवं डांडापानी में जर्जर और जोखिमपूर्ण पेड़ों से संबंधित शिकायतों पर राजस्व विभाग को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। अन्य शिकायतों पर भी संबंधित विभागों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पूर्व में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा के दौरान क्वीराली में पेयजल आपूर्ति संबंधी समस्या का समाधान होने की पुष्टि हुई। खिर्सू में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण संबंधी शिकायत जांच में सही नहीं पाई गई। चंदोलारांई में पंचायत भवन निर्माण कार्य अपूर्ण एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप न होने के कारण भुगतान रोके जाने की जानकारी दी गई। वहीं बयेला तल्ला में जर्जर विद्यालय भवन को ग्राम सभा को हस्तांतरित किए जाने की अनुमति प्रदान होने की जानकारी भी अधिकारियों ने दी।
बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट, पीडी डीआरडीए, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।