पौड़ी। निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सोमवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों/प्रतिनिधियों एवं बूथ लेवल अभिकर्ताओं के साथ बैठक हुई। बैठक में पुनरीक्षण कार्यक्रम, दावे-आपत्तियों तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर एसआईआर किया जा रहा है। 14 जुलाई को आलेख्य निर्वाचक नामावली प्रकाशित हो चुकी है। 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा 11 सितंबर तक उनका निस्तारण होगा। अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को प्रस्तावित है।
जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में विसंगति वाले एवं मानचित्रण से वंचित मतदाताओं के प्रकरणों में बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है। राजनीतिक दलों से बूथ लेवल अभिकर्ताओं की नियुक्ति कर सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मतदाताओं को पुनरीक्षण प्रक्रिया की स्पष्ट एवं सही जानकारी देने, विसंगति वाले मामलों में आवश्यक दस्तावेज लेकर नियमानुसार सत्यापन करने तथा मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी न होने देने के निर्देश दिए। सुनवाई के दौरान मतदाताओं की सुविधा एवं पारदर्शिता को प्राथमिकता देने को कहा।
बैठक में प्रस्तुत किए जा सकने वाले मान्य दस्तावेजों में जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, शैक्षिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर सहित आयोग द्वारा निर्धारित अन्य दस्तावेज बताए गए। स्पष्ट किया गया कि आधार कार्ड केवल पहचान प्रमाण है, नागरिकता प्रमाण नहीं।
उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्ति का नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज न होने अथवा हट जाने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन किया जा सकता है। दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण कर अंतिम निर्वाचक नामावली को शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जाएगा।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एसएल शाह, भाजपा प्रतिनिधि राजेंद्र सिंह राणा, सीपीआई प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह रावत, हिमालय क्रांति पार्टी प्रतिनिधि कुलदीप सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी मास्टर आदर्श सहित वीसी के माध्यम से बूथ लेवल अधिकारी एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी/प्रतिनिधि उपस्थित रहे।