जिलाधिकारी गढ़वाल ने दो दिवसीय बर्ड फेस्टिवल की तैयारी की समीक्षा की, 31 जनवरी और 1 फरवरी को होगा कोटद्वार के सनेह में

पौड़ी। कोटद्वार के सनेह क्षेत्र में 31 जनवरी व 1 फरवरी को होने वाले दो दिवसीय बर्ड फेस्टिवल की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी तैयारियां समय पर पूर्ण कर आयोजन को भव्य बनाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि फेस्टिवल में बर्ड वाचिंग, बर्ड प्रदर्शनी, पक्षियों की प्रजातियों, संरक्षण व पर्यावरण संतुलन से जुड़ी जानकारी वाले स्टॉल, दुर्लभ व प्रवासी पक्षियों की पहचान हेतु सूचना पैनल, बर्ड आइडेंटिफिकेशन चार्ट और जागरूकता सामग्री प्रदर्शित की जाएगी। बर्ड वाचिंग के लिए 12 नेचर ट्रेल्स विकसित की जाएंगी।

फेस्टिवल के दौरान स्कूली बच्चों व युवाओं के लिए बर्ड क्विज प्रतियोगिता, बर्ड फोटोग्राफी प्रतियोगिता, लाइव फोटोग्राफी सत्र, प्रदर्शनी और मैराथन दौड़ का आयोजन होगा। बाहर से आने वाले बर्ड वॉचरों के ठहरने की समुचित व्यवस्था के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने जिला शिक्षाधिकारी को स्कूली बच्चों की अधिकतम भागीदारी और खेल अधिकारी को मैराथन पंजीकरण बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह नेगी, भातखंडे हिंदुस्तानी संगीत महाविद्यालय के प्रधानाचार्य अनिरुद्ध बिष्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *