पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की प्राथमिकताओं के अनुरूप, ग्राम घण्डियाल में आयोजित तहसील दिवस में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। कुल 95 शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर समाधान किया गया तथा पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, आजीविका, वन्यजीव व मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों पर प्राथमिकता से कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को नजदीक ही प्रशासनिक सेवाएं देने के उद्देश्य से घंडियाल में तहसील दिवस आयोजित किया गया, जिससे लोगों को मुख्यालय तक न आना पड़े। इस दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली गई और वंदना को महालक्ष्मी किट तथा शिवांश, इशिका व जयश्री को नेमप्लेट देकर प्रोत्साहित किया गया।
पेयजल समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अनीता रावत की शिकायत पर जेई को मौके भेजा गया। देवल, भेडुली व धारी गांव में पाइपलाइन व आपूर्ति समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए। जल जीवन मिशन से वंचित योजनाओं का आकलन कर प्राथमिकता से शामिल करने, अधीक्षण अभियंता को 3 दिन क्षेत्र भ्रमण करने तथा संयुक्त मजिस्ट्रेट को 20 अप्रैल तक बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। जेई को सप्ताह में 3 दिन (सोमवार, बुधवार, शुक्रवार) कल्जीखाल में बैठने और प्लम्बरों को वार्षिक के बजाय त्रैमासिक भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया।
वन्यजीव सुरक्षा के लिए बेडगांव में सोलर लाइट, सुतार गांव में घेरबाड़ तथा कुक्कुट पालन प्रस्तावों को जिला योजना में शामिल करने के निर्देश दिए गए। घंडियाल बाजार में पार्किंग के लिए पॉकेट पार्किंग हेतु भूमि चिन्हीकरण करने, सड़कों के डामरीकरण, मरम्मत व सुरक्षा कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा गया।
जंगली जानवरों की समस्या पर वन विभाग को गश्त बढ़ाने, उद्यान विभाग को पौधों की गुणवत्ता जांचने तथा घेरबाड़ व सोलर लाइट के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। सीएचसी घंडियाल में रेबीज टीका, सोलर लाइट, भवन सुदृढ़ीकरण व सड़क सुधार के निर्देश दिए गए तथा 2 दिन में एक्स-रे तकनीशियन व मोबाइल एक्स-रे सेवा शुरू करने की बात कही गई।
अन्य मामलों में आर्थिक सहायता, दिव्यांग प्रमाणपत्र, आधार कार्ड शिविर एवं हॉट मिक्स प्लांट की जांच के निर्देश दिए गए।
तहसील दिवस में ब्लॉक प्रमुख गीता देवी, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, पुलिस उपाधीक्षक तुषार बोरा, जिला पंचायतराज अधिकारी जितेन्द्र कुमार, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण वर्मा, जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र पाण्डेय, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, एसडीओ फॉरेस्ट आईशा बिष्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।