हरिद्वार पुलिस ने रिकॉर्ड बीस घंटे के भीतर अपहृत बालक को किया बरामद। उत्तर प्रदेश के निवासी निकले अपहरणकर्ता

हरिद्वार। हरिद्वार की झबरेड़ा पुलिस ने महज 20 घंटे के भीतर 3 वर्षीय बच्चे के अपहरण का सनसनीखेज खुलासा करते हुए मासूम को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश तेज़ी से जारी है।

भगतोवाली, झबरेड़ा निवासी एक व्यक्ति ने 14 मई 2026 को कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि शादी समारोह के दौरान उनका तीन वर्षीय बच्चा अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बावजूद बच्चा नहीं मिला तो पुलिस ने तत्काल अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने तुरंत टीम गठित कर बच्चे की सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए। निगरानी की जिम्मेदारी एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को सौंपी गई, जबकि सर्विलांस और सीआईयू टीम को भी सक्रिय किया गया।

पुलिस टीम ने कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रेसिंग और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध गरजा उर्फ गजे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में उसने तंत्र-मंत्र और जादू-टोने के लिए बच्चे के अपहरण की बात कबूल की और अपने दो अन्य साथियों के नाम भी बताये।

इसके बाद पुलिस टीम ने मुजफ्फरनगर के सकरपुर गांव स्थित पुरकाजी रोड एलबीएस भट्टे के पास दबिश दी। वहां एक व्यक्ति बच्चे को लेकर खड़ा दिखाई दिया, लेकिन पुलिस को देखकर वह मासूम को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया और उसे सुरक्षित हरिद्वार लाया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गरजा उर्फ गजे पुत्र मक्कू सिंह निवासी सकरपुर, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

 

इस सफलता पर क्षेत्रीय जनता ने हरिद्वार पुलिस की तत्परता और दक्षता की सराहना करते हुए पुलिस टीम को बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *