रसोई गैस की कीमतों में तीन महीनों में दूसरी बार बढ़ोतरी, सरकार बोली वैश्विक ऊर्जा बाजार में वृद्धि है कारण

नई दिल्ली। मोदी सरकार ने रसोई गैस की कीमतों में फिर से इजाफा किया है। रसोई गैस (एलपीजी) की कीमत में 29 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है। वैश्विक ऊर्जा बाजार में वृद्धि के चलते सरकारी ईंधन खुदरा विक्रेताओं को लगातार चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते तीन महीनों में यह दूसरी बढ़ोतरी की गई है।

घरेलू रसोई गैस की कीमतों में प्रति सिलेंडर 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। नई कीमतें आज सरविवार, 7 जून से लागू हो गई हैं। एलपीजी की कीमतों में हुई इस ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है।

यह बढ़ोतरी तब हुई है जब तेल कंपनियों ने 7 मार्च को एलपीजी की कीमतों में प्रति सिलेंडर 60 रुपये की वृद्धि की थी। यह वृद्धि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार में आई रुकावटों के बाद की गई थी।

एक अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि सरकार ने एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। इनमें घरेलू उत्पादन बढ़ाना और आयात सुनिश्चित करना शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *