सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन चामलिंग ने दुष्यंत गौतम की कथित संलिप्तता को लेकर राष्ट्रपति से शपथ ग्रहण टालने को पत्र लिखा

गंगटोक। सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री और ‘सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट’ के अध्यक्ष पवन चामलिंग ने भारत के राष्ट्रपति को पत्र लिखकर, दुष्यंत गौतम के सिक्किम के राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण समारोह को टालने का आग्रह किया है।

18 अक्टूबर, 2026 के अपने पत्र में, चामलिंग ने इस प्रस्तावित नियुक्ति पर चिंता जताई है। उन्होंने उत्तराखंड में 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की मौत से जुड़े विवाद और इस मामले में दुष्यंत गौतम की कथित संलिप्तता को लेकर उठ रहे सवालों का हवाला दिया है।

संविधान के अनुच्छेद 361 की ओर ध्यान दिलाते हुए – जो राज्यपाल को उनके कार्यकाल के दौरान आपराधिक कार्यवाही से सुरक्षा प्रदान करता है – चामलिंग ने तर्क दिया कि यह सुरक्षा इस बात को और भी महत्वपूर्ण बना देती है कि नियुक्ति से जुड़ी जायज चिंताओं की पहले ही गहन जांच की जाय।

पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्र के माध्यम से राष्ट्रपति से अनुरोध किया है कि जब तक इन चिंताओं की उचित जांच न हो जाए, तब तक शपथ ग्रहण समारोह को टाल दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ने से पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि अंकिता भंडारी मामले से जुड़े सभी आरोपों से दुष्यंत गौतम को क्लीन चिट मिल गई हो। साथ ही, उन्होंने सिक्किम के लोगों, विशेषकर राज्य की महिलाओं की राय को भी उचित महत्व देने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *