पौड़ी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उप निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम, समय-सारिणी एवं राजनीतिक दलों की भूमिका पर चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है। इसके तहत 08 जून से 07 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण करेंगे। इस चरण में मतदाताओं से कोई दस्तावेज प्राप्त नहीं किए जाएंगे, केवल प्रपत्रों का वितरण एवं आवश्यक जानकारी का सत्यापन किया जाएगा। बीएलओ द्वारा वितरित एन्यूमरेशन फॉर्म, फॉर्म-6 एवं घोषणा पत्र निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भरे जाएंगे। पुनरीक्षण के दौरान नए पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों के संशोधन की कार्रवाई की जाएगी।
उप निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान स्थल पर बीएलए-2 नियुक्त करने तथा मतदाता जागरूकता गतिविधियों में सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन निर्वाचक नामावली तैयार करने में राजनीतिक दलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। साथ ही मतदाताओं को अभियान की जानकारी देकर गणना प्रपत्र समय पर भरने के लिए प्रेरित करने को कहा।
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रारूप निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी तथा दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित होगी। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से निर्वाचन आयोग के इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।
बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, जिला सूचना अधिकारी मयंक शर्मा, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।