ऋषिकेश। उत्तराखण्ड विकास पार्टी ने टिहरी और कोटद्वार में मेडिकल कॉलेज बनाने की मांग की। उत्तराखण्ड विकास पार्टी के उपाध्यक्ष पूरण सिंह भंडारी ने कहा कि जिस इलाके से उत्तर भारत के महत्वपूर्ण भूभाग को बिजली मिल रही है, जिसके लिए उस इलाके के लोगों को विस्थापन का दंश झेलना पड़ा उसी इलाके में एक अदद मेडिकल कॉलेज न होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि टिहरी जिले में मेडिकल कॉलेज के लिए लोगों का धरना प्रदर्शन बताता है कि मोदी सरकार का ध्यान शिक्षा और स्वास्थ्य की ओर नहीं है जिसकी वजह से सीमान्त पहाड़ी प्रदेश का पलायन इन 26 सालों में भी नहीं रुक पाया है।
पूरण सिंह भंडारी ने कहा कि पौड़ी का महत्वपूर्ण शहर कोटद्वार के लिए मेडिकल कॉलेज की घोषणा कांग्रेस और भाजपा दोनों सरकारों में हुई, कांग्रेस सरकार में दीवार के लिए पैसा आया, दीवार बनी और खनन माफियाओं ने दीवार ही साफ कर दी और भाजपा सरकार ने तो श्रम मंत्रालय का आया हुआ बीस करोड़ रुपया ही वापस करवा दिया। इससे पता चलता है कि भाजपा और कांग्रेस के नेता मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए कितने गंभीर हैं।