उधमसिंह नगर के पुल भट्टा थाना क्षेत्र में फिल्मी अंदाज में चली सड़क पर गोलियाँ, एक महिला हुई घायल

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के पुलभट्टा थाना क्षेत्र में चेसिस वाहन चालक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित चालक ने पांच नामजद लोगों पर तमंचों से कई राउंड फायरिंग करने, लगातार पीछा करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना के दौरान सड़क से गुजर रही एक महिला भी गोली लगने से घायल हो गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

ग्राम पटेरी निवासी तथा वर्तमान में ग्राम दोपहरिया निवासी जगजीत सिंह 30 जून की रात करीब 9:20 बजे अशोक लीलैंड की चेसिस लेकर खालापुर, पनवेल (मुंबई) के लिए रवाना हुए थे। आरोप है कि गांव से बाहर निकलते ही सड़क किनारे एक मारुति ब्रेजा कार (यूके-04डब्ल्यू-9901) और एक बिना नंबर की स्विफ्ट कार खड़ी मिली। जैसे ही वह वहां पहुंचे, दोनों कारों से पांच लोग बाहर निकले और कथित रूप से उन्हें घेर लिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उन पर तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी।

सिरौलीकला चौराहे, खालसा ढाबा और गौला पुल के पास भी आरोपियों ने चलती गाड़ी पर कई बार फायरिंग की। इसी दौरान पास से गुजर रही मोटरसाइकिल पर सवार साहिस्ता बी, पत्नी इशरार, निवासी बल्लिया मुड़िया, जिला पीलीभीत, गोली लगने से घायल हो गईं। महिला अपने पति और बच्चों के साथ बाद में पुलभट्टा थाने पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। महिला ने बताया कि कार सवार लोग ट्रक चालक पर गोली चला रहे थे और उसी दौरान उनके जांघ व कंधे में गोली लग गई।

चालक ने बताया कि उनकी चेसिस गाड़ी की बॉडी और बैक लाइट पर भी गोलियों के निशान मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नामजद आरोपी उनसे पुरानी रंजिश रखते हैं और पूर्व में भी उन पर जानलेवा हमला कर चुके हैं, जिसकी रिपोर्ट थाना बिलासपुर में दर्ज है।

तहरीर में जितेंद्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी, हरमन, विक्रमजीत, निरंजन सिंह उर्फ निरु निवासी ग्राम डिबडिबा, थाना बिलासपुर, जिला रामपुर तथा सर्वजीत बजवा उर्फ साबा निवासी मुल्लाखेड़ा, थाना भोट, जिला रामपुर को नामजद किया गया है।

पुलभट्टा प्रभारी निरीक्षक प्रदीप मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *