गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने निर्माण एवं अवसंरचना से जुड़े 14 विभागों की समीक्षा की

पौड़ी। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने आयुक्त सभागार में निर्माण एवं अवसंरचना से जुड़े 14 विभागों की समीक्षा करते हुए विकास परियोजनाओं में तेजी, गुणवत्ता बनाए रखने तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षित एवं जाममुक्त आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित एजेंसियों को यात्रा मार्ग के क्रिटिकल एवं डेंजर जोन के उपचार, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी सुरक्षा कार्य तथा बाईपास, सुरंगों एवं प्रमुख सड़क परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करने को कहा।

मंडलायुक्त ने अंतिम चरण में पहुंच चुकी परियोजनाओं को इसी वर्ष पूर्ण कर जनता को समर्पित करने के निर्देश दिए। साथ ही मंडल की सभी 41 विधानसभा क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों का विधानसभावार विवरण, स्वीकृत धनराशि, कार्य प्रारंभ तिथि एवं वर्तमान प्रगति तथा मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की पूर्ण एवं अपूर्ण स्थिति का अद्यतन विवरण प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण, वर्षाकाल में प्रतिदिन बंद एवं चालू सड़कों की रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा आपदा प्रभावित सड़कों की प्राथमिकता से मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग एवं एनएचएआई को यात्रा मार्ग पर यातायात प्रबंधन, जाम वाले स्थलों के स्थायी समाधान एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा लोक निर्माण विभाग को निर्माणाधीन सड़क एवं पुल परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए। सिंचाई विभाग को हर्षिल क्षेत्र में नदी कटाव रोकने के कार्यों, सुरक्षा दीवारों एवं संभावित खतरे का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा कार्यशील एवं बंद नहरों का अद्यतन विवरण उपलब्ध कराने को कहा गया, जबकि लघु सिंचाई विभाग को बंद नहरों के पुनर्संचालन की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईएस) को ग्रामीण क्षेत्रों की निर्माणाधीन परियोजनाएं गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने, पेयजल निगम को वन स्वीकृति एवं अन्य एनओसी के कारण लंबित योजनाओं की औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर कार्य प्रारंभ कराने तथा जल संस्थान को टैंकरों से पेयजल आपूर्ति वाले क्षेत्रों की नियमित समीक्षा एवं क्षतिग्रस्त पेयजल परिसंपत्तियों के सुधार कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। ब्रिडकुल को लंबित परियोजनाओं में गति लाने तथा श्रीदेव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय, ऋषिकेश के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक भवन का निर्माण 15 जुलाई तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित भुगतान मामलों के निस्तारण तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया।

मंडलायुक्त ने अर्थ एवं संख्या अधिकारी (मंडलीय) को सभी विभागों से अद्यतन आंकड़े संकलित कर समेकित डाटा एवं प्रभावी प्रस्तुतीकरण तैयार करने तथा लंबित परियोजनाओं की पृथक सूची बनाकर नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में अर्थ एवं संख्या अधिकारी (मंडलीय) शिल्पा भाटिया जोशी, मुख्य अभियंता स्तर-1 लोनिवि ओम प्रकाश, अधीक्षण अभियंता लोनिवि महिपाल सिंह रावत, जल संस्थान प्रवीण सैनी, प्रोजेक्ट मैनेजर ब्रिडकुल संजय कुमार जैन, उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम के आनंद सिंह, अपर अर्थ एवं संख्या अधिकारी अरविंद मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *