प्रतापनगर। जैसे जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में नेताओं का आवागमन बढ़ता हुआ नजर आने लगा है। टिहरी जिले की महत्वपूर्ण विधानसभा प्रतापनगर में भी भाजपा के कई संभावित दावेदार घूम रहे हैं।
प्रतापनगर विधानसभा सीट फिलहाल कांग्रेस के पास है और वर्तमान में विक्रम सिंह नेगी यहाँ से विधायक हैं। विक्रम सिंह नेगी ने भाजपा के पूर्व विधायक विजय सिंह पंवार को हरा कर प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व प्राप्त किया है।
प्रतापनगर विधानसभा महत्वपूर्ण तो है मगर टिहरी बाँध बनने के बाद यह क्षेत्र और दुर्गम हो गया है। टिहरी बाँध विस्थापितों के हितों के लिए तो सरकारों ने सोचा मगर टिहरी बाँध बनने से जो इलाका मुख्य धारा से और दूर हो गया उसके विषय में कभी भी सरकारों ने ध्यान नहीं दिया, जिस वजह से इक्कीसवीं सदी में प्रतापनगर उन्नीसवीं सदी की याद दिलाता है।
इस इलाके का बेहद खास पट्टी है भदूरा पट्टी’ । इस पट्टी के मुख्य गांवों में पुजारगांव (जहाँ कोटेश्वर महादेव का प्रसिद्ध मंदिर है), लिखवार गांव, जाखणी, क्यारी, बौंसाड़ी, सुजड़गांव, जिवाला, रौणियां, और पोखरियालगांव प्रमुख हैं।
इस पट्टी का लिखवार गाँव पढ़े लिखे लोगों का गाँव है, वैसे भी लिखवार का सीधा मतलब होता है लिखने वाला, यानी बुद्धिजीवी। इसी गाँव आते हैं सी.ए. राजेश्वर पैन्यूली जो दिल्ली में चार्टड अकाउंटेंट हैं और सामाजिक कार्यों में लगातार सक्रिय रहते हैं।
प्रतापनगर विधानसभा से राजेश्वर पैन्यूली तीन बार निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर अपना भाग्य भी आजमा चुके हैं। राजेश्वर पैन्यूली का देहरादून में सीटी स्कैन जैसी सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतापनगर क्षेत्र में भी वे लगातार सक्रिय रहते हुए मेडिकल कैंप लगवाते रहते हैं। टिहरी सांसद राजमाला लक्ष्मी शाह से भी उनके अच्छे संबंध है जिसका फायदा उठाते हुए वे प्रताप नगर की विभिन्न सामाजिक योजनाओं के क्रियान्वन में सांसद स्तर पर की जाने वाली भाग दौड़ को सरलता से पूरा कर लेते हैं।
देखना ये है कि क्या इस बार विधायक के लिए वे अपनी उम्मीदवारी पेश करते हैं, क्योंकि भाजपा के पूर्व विधायक विक्रम सिंह पंवार की दावेदारी इस बार थोड़ा कमजोर ही लग रही है।