नैनीताल के कैंची धाम में मित्र पुलिस पर लगे गंभीर आरोप, कप्तान टी सी मंजूनाथ ने दिये जाँच के आदेश

नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंचीधाम में स्थापना दिवस मेले से ठीक पहले मेले की ड्यूटी में तैनात दो पुलिस के सिपाहियों पर होमस्टे संचालक की बेटी से कथित छेड़खानी का आरोप लग गये। भड़के स्थानीय लोगों ने दोनों सिपाहियों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी और पुलिस चौकी का घेराव किया।

मंदिर के समीप स्थित एक होमस्टे संचालक की बेटी ने मेले की ड्यूटी में तैनात दो पुलिस सिपाहियों पर छेड़खानी का आरोप की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि आक्रोशित लोगों ने दोनों सिपाहियों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी और लोग पुलिस चौकी तक ले जाकर कार्रवाई की मांग पर अड़ गये।

लोगों ने चौकी का घेराव करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों का गुस्सा केवल आरोपित सिपाहियों तक सीमित नहीं रहा, उन्होंने मेले से 3 दिन पहले पुलिस द्वारा कैंचीधाम क्षेत्र और नैनीताल जिले की सीमाओं पर वाहनों की आवाजाही रोके जाने पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि श्रद्धालुओं, पर्यटकों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि पुलिस मनमाने नियम तरीके से लागू कर रही है।

व्यापारियोंका कहना है कि पुलिस ने स्थापना दिवस से तीन दिन पहले ही कर्फ्यू जैसा माहौल बना दिया है। कैंची धाम क्षेत्र में 3 दिन पहले ही बैरिकेटिंग कर दी गई है और वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है, ऐसा पहले कभी नहीं हुआ।

नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने मामले की पुष्टि करते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। एसएसपी ने स्पष्ट कहा है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *